इटावा। रेल यात्रियों को अनारक्षित टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से निजात दिलाने के उद्देश्य से रेलवे ने रेलवन ऐप लांच किया है। रेलवे शॉपिंग ऐप की तरह ही ग्राहकों के लिए तीन प्रतिशत की छूट का प्रावधान कर रहा है। यह छूट रेलवन ऐप के माध्यम से जारी किए गए टिकटों पर लागू होगी।
यह विशेष छूट योजना 14 जनवरी से प्रभावी हो चुकी है और फिलहाल सात महीने यानी 14 जुलाई तक मान्य रहेगी। रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्यिक निरीक्षकों की नियुक्ति की जा रही है जो यात्रियों को इस ऐप के उपयोग और इसके फायदों के बारे में जागरूक करेंगे। ऐप के इस्तेमाल से न केवल टिकट काउंटर पर भीड़ कम होगी बल्कि पेपरलेस टिकट को बढ़ावा मिलेगा जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह छूट विशेष रूप से उन सात महीनों के लिए है जब स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ सबसे अधिक होती है, जैसे कि परीक्षाओं के बाद ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान।
पीआरओ, उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने बताया कि ऐप का उपयोग अत्यंत सरल है और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से यात्री कुछ ही मिनटों में अपना टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इससे टिकट खरीदने में लगने वाले समय की बचत होगी और ट्रेन छूटने जैसी दिक्कतों से निजात मिलेगी।