चकरनगर। बीहड़ क्षेत्र की बेटियां अब खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का दम दिखा रही हैं। चकरनगर ब्लॉक के कुंदोल गांव निवासी किसान धर्मेंद्र सिंह चौहान की 13 वर्षीय बेटी दीक्षा चौहान ने क्षेत्रीय स्टेट जूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर है। इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उसका भव्य स्वागत किया।
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, भैंसवाल में 21 और 22 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय जूडो प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालिका वर्ग के 44 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दीक्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस वर्ग में कासगंज की अग्रिमा सिंह दूसरे और बागपत की परी तीसरे स्थान पर रहीं। बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर दीक्षा का चयन भोपाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप के लिए किया गया है। दीक्षा ने बताया कि अब उसका लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतना है। इसके लिए वह 16 अगस्त से भोपाल में कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास करेगी। दीक्षा के पिता धर्मेंद्र सिंह चौहान किसान हैं, जबकि मां अर्चना चौहान किराये की दुकान में ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं।