इटावा। जिला अस्पताल में दो साल बाद फिजीशियन की तैनाती हुई है। इससे अब मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। उप निदेशक स्वास्थ्य ने शनिवार को डा. वीके साहू को तैनात किया है। इसके अलावा अस्पताल में जल्द ही डिजिटल एक्सरे मशीन की सुविधा मिलेगी।
जिला अस्पताल में डाक्टरों की काफी कमी चल रही है। दो वर्षों से जिला अस्पताल बिना फिजीशियन के चल रहा था। डाक्टरों के अभाव में मरीजों को सैफई व अन्य स्थानों पर इलाज के लिए जाना पड़ रहा था। फिजीशियन की तैनाती के लिए लोगों ने कई बार अधिकारियों व नेताओं से मांग की लेकिन किसी फिजीशियन की तैनाती नही हो सकी। बाद में विभाग ने इसकी वैकल्पिक व्यवस्था कर सैफई के एक डाक्टर की व्यवस्था की थी लेकिन लोगों को इससे राहत नहीं मिल सकी। सीएमएस डा. एके पालीवाल ने बताया कि डा. वीके साहू की तैनाती हुई है। वह एक दो दिन में चार्ज ले लेंगे। उनके चार्ज लेने से मरीजों का काफी राहत मिलेगी।
इसके अलावा डाक्टर भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय में डिजिटल कलर एक्सरे मशीन लगाई जा रही है। यह मशीन इसी माह शुरू हो जाएगी। इसमें लोगों को कलर एक्सरे मिलेगा। साथ ही लोगों को रीढ़ की हड्डी व कमर के एक्सरे के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके शुरू होने से लोगों को साफ व रंगीन प्रिंट मिलने लगेगा। इसके शुरू होने पर से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डाक्टर एके पालीवाल ने बताया कि डिजिटल एक्सरे मशीन के शुरू होने से मरीजों को आसानी होगी। अभी लोगों को कमर व रीढ की हड्डी का एक्सरे कराने के लिए सैंफई व अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था। मरीज को दो मिनट के अंदर ही कलर्ड एक्सरा मिल जाएगा। सीआर एक्सरे मशीन भी मंगलवार से काम करने लगेगी। इसके लगने से हड्डी का आपरेशन करने के लिए बड़ा चीरा नहीं लगाना पड़ेगा। साथ ही आपरेशन के समय पूरी प्रक्रिया टीवी स्क्रीन पर दिखेगी। मशीन के लगने से आपरेशन के समय मरीज को खून की भी कम जरूरत पड़ेगी।