फोटो: 31 राम केवट लीला का मंचन करते कलाकार। स्रोत आयोजक
बकेवर। लखना में चल रही रामलीला में मंगलवार रात भगवान राम और केवट संवाद का भावपूर्ण मंचन हुआ। कलाकारों ने राम वनवास के दौरान गंगा पार करने के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। गंगा तट पर पहुंचे भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण ने निषादराज केवट से नाव द्वारा पार कराने की विनती की। केवट ने प्रभु के चरण धोए बिना उन्हें नाव में बैठाने से इन्कार करते हुए अपनी अनन्य भक्ति प्रकट की। इसके बाद केवट ने तीनों को नाव से गंगा पार कराया। इस संवाद में भक्ति, प्रेम, समर्पण और समानता का संदेश देखने को मिला। लीला का शुभारंभ डॉ. गोविंद मोहन तिवारी व शेव सिंह राजावत ने भगवान राम की आरती उतारकर किया। रामलीला समिति के अध्यक्ष विनोद कुशवाहा सहित कई सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे।