ताखा। किसान सभा और भारतीय किसान संगठन ने मिलकर शुक्रवार को भरतिया चौराहा से माॅडल तहसील ताखा तक वाहन रैली निकाली। रैली को किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विश्राम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
किसान सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष नाथूराम यादव ने कहा कि एमएसपी गारंटी का कानून बनाने व किसानों के कर्ज माफ करने की मांग की गई है। बिजली विभाग के निजीकरण से संबंधित बिल को रद्द करने की मांग भी शामिल है।
भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गुप्ता ने उद्योग घरानों के 14 लाख करोड़ से अधिक के बैंक ऋण माफ करने की आलोचना की और सरकार को किसान विरोधी करार दिया।
किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष ने छुट्टा गोवंश द्वारा फसलों को उजाड़ने एवं दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने पांच फरवरी को बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में इटावा में होने जा रहे आंदोलन में भाग लेने की अपील की। पूर्व प्रधानाचार्य विश्राम सिंह, रामनरेश, रामवीर सिंह, श्रीकृष्ण यादव, योगेंद्र सिंह और शिक्षक रामसिंह ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य राम बृजेश और संचालन अजीत प्रताप सिंह ने किया। पूर्व प्रधान आदेश यादव, बीडीसी सदस्य योगेंद्र कुमार, शिवकुमार, दिनेश कुमार, शिवराम सिंह आदि मौजूद रहे।