इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के शंकरपुर स्थित मंदिर में रविवार रात बल्ब लगाते समय एक वृद्ध की करंट लगने से मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराएं शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
शंकरपुर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (65) मंदिर में रहते थे। बेटे राजेश व भतीजे राहुल प्रताप ने बताया कि रविवार रात वह मंदिर में बल्ब लगा रहे थे। इस दौरान वह करंट की चपेट आ गए।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मंदिर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए। जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
इस पर वह लोग बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले आए और सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।