शहर के मालगोदाम रोड पर ट्रैक्टर से कुचलकर एक वेल्डिंग कारीगर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तहत टीबी अस्पताल के पीछे कांशीराम कालोनी निवासी राम औतार (55) फर्रुखाबाद रेलवे फाटक के पास स्थित एक दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह घर से खाकर साइकिल से दुकान जा रहा था। कानपुर आगरा के पुराने हाईवे पर रेलवे मालगोदाम गेट के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
राम औतार ट्रैक्टर की तरफ गिरे और उसके पिछले पहिये के नीचे आ गए। उनकी मौके पर मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी पहुंचाया।
परिजन रोते बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक के जीजा दीप ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली थी। जब तक वह मौके पर पहुंचे, राम औतार की मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।