कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुंज के रहने वाले चार बच्चे बुधवार को यमुना नदी में नहाने के लिए गए। इनमें डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई और दूसरा समाचार लिखे जाने तक लापता था।
पता चला कि उनके साथी दोनों बच्चे काफी देर तक घटना को छिपाए रहे। जब परिजनों ने कड़ाई से पूछताछ की, तब हादसे का पता चला। सूचना मिलने पर एएसपी सर्वानंद सिंह, एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह आदि मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने नदी में जाल डाला। एक बच्चे का ही शव मिल सका था। दूसरे की खोजबीन जारी थी।
मोहल्ला कुंज निवासी आदिल हुसैन के दो बच्चे मुशीर (8) व मुशीब (10) इसी मोहल्ले के अपने हमउम्र महराज उर्फ बौना (9) पुत्र दिलशाद एवं तौहीद (11) पुत्र महताब के साथ बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे यमुना नदी में नहाने गए। चारों सुनवारा गांव की ओर से यमुना नदी पर पहुंचे। यहां नदी में करीब 30-35 फुट पानी भरा हुआ है।
ऊंची-नीची खाइयां भी हैं। इसी के चलते मुशीर और मेराज नदी में डूब गए। हादसे से डर गए दोनों बच्चे घर वापस आए लेकिन किसी को कुछ बताने से बचते रहे। मुशीर के पिता आदिल ने जब मुशीब से छोटे भाई मुशीर के बारे में पूछा तो वह पहले तो टालता रहा लेकिन जब उन्होंने कड़ाई से पूछा तो हादसे के बारे में जानकारी दी।
इस पर आनन-फानन में परिजन एवं मोहल्ले तमाम लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई। एएसपी सर्वानंद यादव, एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, कोतवाली प्रभारी बलवीर सिंह गौर आदि पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा।
अधिकारियों ने गोताखोराें के माध्यम से डूबे बच्चों को तलाश कराया। नदी में जाल डलवाया गया। काफी मशक्कत के बाद मुशीर का शव बरामद हो सका जबकि महराज के शव की खोजबीन जारी थी। सीओ सिटी ने बताया कि जहां बच्चे नहाने गए थे। वहां पानी काफी गहरा है। एक बच्चे का शव ही मिला है। दूसरे की खोजबीन जारी है।