इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित स्टेडियम में बुधवार शाम को दौड़ते ( रर्निंग) समय रिटायर्ड फौजी राम बरन सिंह के बेटे रवि (23) की मौत हो गई। परिजनों ने रवि के एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइन के शिवा कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फौजी रामबरन सिंह पीजीआई सैफई में गार्ड हैं। इनका छोटा बेटा रवि अर्मी में भर्ती की तैयारी कर रहा था। रामबरन ने बताया कि शाम को मोहल्ले में रहने वाला रवि का दोस्त उसे बाइक से स्टेडियम ले गया था।
करीब एक घंटे युवक उनके घर आकर रवि की तबियत खराब होने की जानकारी दी। वह परिवार के साथ पहले स्टेडियम व फिर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां रवि मृत पड़ा था। रवि की मां संतोष का आरोप है कि घर से ले जाने वाले युवक ने रवि को स्टेडियम में जहर खिलाकर मारा है।
इधर, स्टेडियम में मौजूद लोगों के मुताबिक रवि ने मैदान में तीन राउंड दौड़ लगाई। इसके बाद वह अचानक गिर गया। स्टेडियम में मौजूद संजय, विवेक, संदीप व रोहित रवि को लेकर जिला अस्पताल ले गए थे।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से रवि की मौत होना प्रतीत हो रहा है। थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि रवि के परिजनों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम में रवि की मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। रवि की मौत से पत्नी पूजा, बेटी आराध्या व बेटा विराज का रो-रो कर बुरा हाल रहा। रिश्तेदारों दु्खी परिजनों को ढांढस बंधाकर शांत कराते रहे।