उदी (इटावा)। चंबल नदी में डूबने से छात्र शिवा (13) की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ नहाने गया था। शिवा की मौत से घर में कोहराम मच गया।
बढ़पुरा क्षेत्र के खेड़ा अजब सिंह गांव निवासी किसान भूपेंद्र सिंह का बेटा शिवा गांव के एक स्कूल में छठवीं का छात्र था। वह गुरुवार दोपहर गांव में ही रहने वाले तीन दोस्तों के साथ चंबल में पिलुआ (फल) बीनने के लिए गया था। फल बीनने के दौरान चारों दोस्तों को गर्मी लगी और वह चंबल नदी में नहाने चले गए। उसी दौरान शिवा नदी में गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख तीनों दोस्तों ने शोर मचाया।
जब कोई मदद को आगे नहीं आया तो तीनों दोस्तों ने गांव जाकर शिवा के परिजनों व गांव वालों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने नदी में कूदकर शिवा की तलाश शुरू की। करीब आधा घंटे बाद ग्रामीणों ने शिवा को ढूंढ निकाला। उसे परिजन और ग्रामीण आनन फानन सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव घर ले आए और पुलिस को सूचना दिए बिना ही शिवा की अंतिम संस्कार कर दिया।