बकेवर बाईपास हाईवे पर ईंटों से लदे ट्रैक्टर और डीसीएम की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों चालकों की मौत हो गई। एक की पहचान नहीं हो सकी है।
रविवार को ट्रैक्टर ईंटें लादकर इटावा से औरैया जा रहा था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे इटावा की ओर से आ रही एक डीसीएम ने बकेवर बाईपास पर ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। दोनों वाहन भिड़ गए और ट्रैक्टर हाईवे पर पलट गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने ट्रैक्टर और डीसीएम में फंसे घायलों को निकाला। 100 नंबर पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। कुछ लोगों ने बकेवर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष बकेवर आलोक राय मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भेजा। रास्ते में दो लोगों की मौत हो गई। एक की पहचान डीसीएम चालक तिलकधारी (35) पुत्र वंशगोपाल निवासी बहेलिया जिला सतना मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। ट्रैक्टर चालक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। डीसीएम के हेल्पर दिनेश पुत्र रामआसरे मिश्रा निवासी सिमरिया थाना रामपुर जिला सतना मध्यप्रदेश की हालत गंभीर है।
सिक्सलेन हाईवे पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली में लदी ईंटें पलटने से सिक्सलेन हाईवे पर इटावा से कानपुर जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया। करीब पौने घंटे तक दोनों और जाने वाले वाहन एक ही साइड से निकले। थानाध्यक्ष ने अनंतराम टोल प्लाजा पर फोन कर क्रेन मंगाई। ट्रैक्टर और डीसीएम को हटवाकर रास्ता खुलवाया।