बेटी को जलता देख उसे बचाने दौड़ी मां भी बुरी तरह झुलस गई। दोनों की कुछ देर में मौत हो गई, जबकि मां-बेटी को बचाने में झुलसे रिश्तेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव उझियानी में मंगलवार की रात करीब आठ बजे राजकिशोर बाल्मीकि की बेटी कंचन (18) के कपड़ों में आग लग गई। बेटी को जलता देख मां रेखा देवी (35) उसे बचाने की कोशिश करने लगी। इस बीच वह भी बूरी तरह झुलस गई।
चीख-पुकार सुनकर रिश्तेदारी में आए मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के कमल सिंह का बाग निवासी भूपेंद्र दोनों को बचाने दौड़े। इस बीच वह भी झुलस गए। आसपास के लोगों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। फिर तीनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां से मां-बेटी को सैफई रिम्स ले जाया गया।
इलाज के दौरान देर रात दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम कराया है। घटना के वक्त परिवार के अन्य लोग शादी समारोह में गए थे। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मां-बेटी में विवाद हुआ था। इसी से क्षुब्ध होकर बेटी ने आग लगा ली। जिसे बचाने के चक्कर में मां भी जल मरी।
कपड़ों में आग से युवती की मौत
इटावा। शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद में बुधवार की सुबह एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। युवती को बचाने में उसकी बड़ी बहन भी झुलसकर घायल हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी रमेशचंद्र की बेटी गुंजन (18) बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर जल गई। चीख पुकार सुनकर परिजन उसे बचाने के लिए दौड़े। बड़ी बहन सीमा (21) पत्नी राजू भी आग की चपेट में आने से झुलस गई। परिजन दोनों झुलस गईं बहनों को जिला अस्पताल लेकर लाए।
यहां डाक्टरों ने गुंजन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सीमा को भर्ती कर लिया। लड़की की मौत के बाद परिजनों ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली। जिला अस्पताल में परिजनों ने बताया कि गुंजन ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की बात कही।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजनों ने बताया कि गुंजन सुबह नाश्ता बनाकर रही थी तभी उसके कपड़ों में आग लग गई। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला कि गुंजन का घर में विवाद हुआ था। इसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।