इटावा। नगर पालिका परिषद इटावा में बिजली बिल के भारी-भरकम बकाये को लेकर शुरू हुआ संकट बुधवार को भी बरकरार रहा। लगातार दूसरे दिन पालिका कार्यालय की बिजली कटी रही, जिससे विभागीय कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिन भर जनरेटर चलाकर जरूरी फाइलों का निपटारा किया गया।
बिजली निगम ने मंगलवार को कड़ा रुख अपनाते हुए नगर पालिका का कनेक्शन काट दिया था। पालिका पर करीब 35 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। नोटिस के बावजूद भुगतान न होने पर निगम ने यह कार्रवाई की थी। बुधवार को उम्मीद थी कि वार्ता के बाद आपूर्ति बहाल हो जाएगी लेकिन शाम तक दफ्तर में अंधेरा ही पसरा रहा। पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि बिजली निगम के उच्चाधिकारियों से इस संबंध में सकारात्मक वार्ता हुई है। संभवतः गुरुवार को आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।