भरथना। खाद लेेने के लिए मंगलवार सुबह से किसानों की भीड़ सहकारी समिति पर जुट गई। इसके कारण कर्मियों ने पुलिस बुला ली। करीब सवा दो घंटे बाद पुलिस की निगरानी में खाद का वितरण कराया गया।
एक सप्ताह से सहकारी समिति पर खाद नहीं होने से किसान परेशान थे। रैक आने के बाद रविवार को मोहल्ला बालूगंज स्थित सहकारी क्रय विक्रय समिति पर खाद पहुंचाई गई। सोमवार को बड़ी संख्या में सुबह से ही किसान पहुंच गए थे, लेकिन पुलिस का सहयोग न मिलने की वजह से वितरण नहीं किया गया। इससे किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा। मंगलवार सुबह नौ बजे से किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई किसानों के साथ महिलाएं भी आईं थीं। आगे नंबर लगाने के लिए धक्कामुक्की होती रही।
पुलिस के सवा 11 बजे पहुंचने के बाद खाद का वितरण शुरू कराया गया। नगला भारा के उपदेश, कटाहरा के शानू ने बताया कि सोमवार को लौट गए थे। घर से महिलाओं को भी लाए थे, क्योंकि उनकी लाइन कम रहती है। प्रभारी सचिव लखन किशोर ने बताया कि डीएपी खाद के लिए बड़ी संख्या में किसानों के आने पर पुलिस कर्मियों को बुलाना पड़ा।