इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के हरवंश नगर मोहल्ले में डेयरी में संचालक का शव संदिग्ध हालात में टिन शेड के सहारे बंधी रस्सी से फंदे से लटका मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। कैमरे में महिला समेत तीन पुरुषों को डेयरी से निकलकर जाते देखा गया है। इसके अलावा घटनास्थल से टूटी चूड़ियां और एक मोबाइल मिलने पर पुलिस हत्या व आत्महत्या पर जांच कर रही है। वहीं, परिजन ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।
जसवंतनगर के जनकपुर गांव निवासी शैलेंद्र सिंह अपने बड़े भाई सतेंद्र के साथ कोतवाली क्षेत्र के हरवंश नगर मोहल्ले में डेयरी चलाते थे। आठ वर्षों से दोनों भाइयों ने डेयरी के काम करके मोहल्ले में डेयरी से कुछ दूरी पर मकान भी बनवा लिया था। बड़े भाई सतेंद्र ने बताया कि बुधवार की सुबह वह बीमार पिता को देखने के लिए गांव जनकपुर गया था। डेयरी पर शैलेंद्र था। दोपहर तीन बजे जब वह गांव से लौटकर डेयरी पर पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था।
दीवार फांदकर जब डेयरी के अंदर पहुंचे तो कमरे में शैलेंद्र का शव टिन शेड से लटका हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जिसमें एक महिला और तीन पुरुष डेयरी पर अंदर प्रवेश करते हुए व बाहर निकलते दिखे।
सतेंद्र ने बताया कि वह तीन भाई हैं। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है लेकिन उसका भाई आत्महत्या भी नहीं कर सकता है। सीसीटीवी व घटनास्थल पर पड़ी मिली चूड़ियां और मोबाइल के आधार पर उसने भाई की हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि शैलेंद्र की शादी हो चुकी थी। उसकी पत्नी सरिता अपने पिता की बीमारी के चलते उधन्नपुरा, थाना जैतपुरा आगरा स्थित मायके में रहती है। उसकी दो बेटी भी हैं। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि सीसीटीवी व घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।