शहर में बनकर तैयार मत्स्य महाविद्यालय और दुग्ध
प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में शिक्षण कार्य नए सत्र से शुरू हो जाएगा। देश
प्रदेश के स्टूडेंट्स यहां से डेयरी और फिशरीज में बीटेक कर सकेंगे।
महाविद्यालय
में दाखिला लेने का सुनहरा मौका है, क्योंकि दाखिला लेने की अंतिम तारीख
तो निकल चुकी है, फिर भी लेट फीस के साथ बच्चों के पास एक मौका है। तीन सौ
रुपये लेट फीस के साथ 10 अप्रैल तक आवेदन किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा
कराने का जिम्मा फैजाबाद यूनिवर्सिटी पर है।
दशक भर पहले शहर के
इंजीनियरिंग कालेज के पास तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने डेयरी
और फिशरीज महाविद्यालय की आधारशिला रखी थी। दोनों कालेजों की बिल्डिंगों को
बने काफी समय हो गया लेकिन आज तक शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
अब
नए सत्र में कृषि इंजीनियरिंग कालेज की तरह ही डेयरी और फिशरीज कालेज में
शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। प्रदेश स्तर पर होने वाली उत्तर प्रदेश
संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा 2015 में इन दोनों कालेजों
को शामिल किया गया है। परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी नरेंद्र देव कृषि
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फैजाबाद को मिली है।
प्रवेश
परीक्षा में शामिल होने के लिए स्टूडेंट्स के पास आखिरी मौका है। कारण
आवेदन फार्म जमा करने की आखिरी तारीख तीन अप्रैल निकल चुकी है। ऐसे में तीन
सौ रुपये की लेट फीस के साथ 10 अप्रैल तक प्रवेश परीक्षा के लिए फार्म जमा
किए जा सकते हैं।
फार्म फैजाबाद यूनिवर्सिटी की वेबसाइट से ऑनलाइन
डाउनलोड किया जा सकता है। इसके बाद फार्म भरकर रजिस्टर्ड डाक से फैजाबाद
विश्वविद्यालय को भेजा जा सकता है। प्रवेश परीक्षा 15,16 व 17 मई को होगी।
प्रवेश
परीक्षा के लिए लखनऊ, इलाहाबाद, मेरठ और फैजाबाद में केंद्र बनाए जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा के बाद इंजीनियरिंग कालेज के साथ ही दोनों कालेजों की 40-40
सीटों पर दाखिला किया जाएगा। शिक्षण कार्य जुलाई से शुरू हो जाएगा।
इटावा
में शुरू होने वाला दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय प्रदेश का पहला ऐसा
कालेज होगा, जहां से स्टूडेंट्स डेयरी से बीटेक कर सकेंगे। अभी प्रदेश के
कालेजों में डिप्लोमा कोर्स की तो व्यवस्था है लेकिन किसी भी कालेज में
डेयरी से बीटेक करने की व्यवस्था नहीं है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ओर से दोनों ही कालेजों में फैकेल्टी स्टॉफ
के साथ अन्य कर्मचारियों की तैनाती को लेकर कार्रवाई चल रही है। मई के
आखिरी तक कालेजों में स्टॉफ की तैनाती कर दी जाएगी।
प्रवेश परीक्षा
के शेड्यूल में दोनों कालेजों को शामिल किया गया है। प्रवेश के लिए मई
महीने में परीक्षा होगी। स्टॉफ की तैनाती को लेकर भी विश्वविद्यालय स्तर पर
कार्रवाई चल रही है। उम्मीद है कि इस बार डेयरी और फिशरीज कालेज शुरू हो
जाएंगे। -जेपी यादव, डीन कृषि इंजीनियरिंग कालेज।