इटावा। विजय दशमी पर मोतीझील स्थित एक उत्सव गार्डेन में क्षत्रिय स्वाभिमान मंच की ओर से शस्त्र पूजन किया गया। मुख्य अतिथि व गोंडा से सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में शस्त्र की जगह कलम को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि मुसीबतों से बिल्कुल न घबराएं। संकल्प लेकर जाइए कि अपने बच्चों को अपने से बेहतर जिंदगी देंगे, चाहे उसके लिए कुछ भी करना पड़े। सांसद ने बॉलीवुड फिल्म आदिपुरुष के बारे में कहा कि मुझे लगता है कि जान बूझकर इस तरह के विवाद पैदा किए जाते हैं, जिससे फिल्म चर्चा में आए लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए। कई लोग विरोध कर रहे है। होना भी चाहिए, हमारे मन में एक स्वरूप होता है। उस स्वरूप को बिगाड़ना गलत है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। डॉ. विश्व दीपक सिंह भदौरिया, डॉ. आरएस सिंह एवं डॉ. डीके सिंह को प्रतीक चिह्न व मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष, विमल भदौरिया, विकास सिंह भदौरिया, मयंक सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। अध्यक्षता रन सिंह भदौरिया ने व संचालन हंस कुमार सिंह चौहान एडवोकेट ने किया।
उधर, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने नगर की रामलीला मैदान स्थित एक गार्डेन में शस्त्र पूजन किया। संघ के प्रांत मार्ग प्रमुख अमरनाथ ने कहा कि संघ समाज में दैवी शक्तियों के सृजन का कार्य कर रहा है। मंच पर सह विभाग संघ चालक विनोद, नगर संघ चालक दीपक, विभाग प्रचारक दीपेश, विभाग कार्यवाह प्रदीप, जिला प्रचारक अमित, जिला कार्यवाह अखिलेश, नगर प्रचारक यश उपस्थित रहे। अध्यक्षता नीरज तिवारी व संचालन नगर कार्यवाह सर्वजीत ने किया।