भरथना। मंडी से फसल बेचकर घर लौट रहे किसान की जेब काटकर 48 हजार रुपये पार करने के मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह को निलंबित कर दिया है। सोमवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
मंडी रोड पर रमायन निवासी तुलाराम शाक्य को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बनाया था। किसान मंडी में अपनी फसल बेचने के बाद मिले 48 हजार रुपये लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मिले दोनों युवकों ने उन्हें झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया था। कुछ दूरी पर मौका पाकर आरोपियों ने किसान की जेब काट ली और नकदी लेकर फरार हो गए थे।
जेब में रखे 48 हजार रुपये गायब मिलने पर किसान ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। सीओ आरडी मौर्य ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।(संवाद)