चकरनगर। ब्लॉक कार्यालय स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर शनिवार को गेहूं के बीज लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। अधिक भीड़ के चलते किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। दोपहर करीब डेढ़ बजे सर्वर डाउन होने से अंगूठे का सत्यापन नहीं हो सका, जिससे बुकिंग प्रक्रिया बाधित हो गई। कई किसानों को बिना बीज लिए लौटना पड़ा। किसानों ने बताया कि पिछले साल डीबीडब्ल्यू 222 किस्म की अच्छी पैदावार हुई थी, इसलिए इस बार भी इसकी मांग अधिक है। गोदाम प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि अब तक 50 से अधिक किसानों को बीज वितरित किया जा चुका है। (संवाद)