भरथना नगर के सर्राफा व्यवसायी को बेखौफ लुटेरों ने घायल कर लूट लिया। फायर
मिस हो जाने पर तमंचे के बट से सिर पर प्रहार किया और जेवर व नकदी से भरा
थैला लूट लिया। सरेराह हुई इस वारदात से लोगों में दहशत पैदा हो गई है।
लुटेरे करीब सवा तीन लाख रुपये के जेवर व नकदी लूट ले गए।
बृजराज नगर भरथना निवासी रवि वर्मा पुत्र अशोक वर्मा की बालूगंज के चौधरी मार्केट में शिवांगी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। दुकान और मकान पास में ही है। बुधवार को रवि ने शाम 6 बजे के आसपास दुकान बंद की और एक थैला में जेवर व नकदी रखकर घर को चल दिए।
जब वह अपने घर को जाने वाली गली के मोड़ पर पहुंचे, तभी पीछा कर रहे दो लुटेरों ने रोक लिया और थैला छीनने का प्रयास करने लगे। रवि उन लुटेरों से भिड़ गए,इसी बीच लुटेरों में से एक ने तमंचा निकालकर उन पर फायर किया, लेकिन वह मिस हो गया। इस पर लुटेरे ने तमंचे की बट से सिर पर प्रहार किया।
जिससे रवि जमीन पर गिर गए और लुटेरे थैला छीनने में कामयाब हो गए। इसी दौरान सामने से एक लाल रंग की बाइक पर एक अन्य लुटेरा आया और तीनों बाइक पर सवार होकर भाग गए। सूचना मिलने पर कस्बा चौकी इंचार्ज हुकुम सिंह मौके पर पहुंचे और घायल रवि को अस्पताल पहुंचाया।
रवि ने बताया कि थैले में करीब सवा तीन लाख रुपये मूल्य की एक किलो चांदी के जेवर, 30 ग्राम सोने के टॉप्स, नाक की ओतली व फूल, चेन आदि आभूषण और 25 हजार रुपये थे। चौकी इंचार्ज हुकुम सिंह ने कहा कि लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।