अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे में छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। रविवार रात हाईवे के जमुना बाग के पास ट्रक और डीसीएम की भिड़ंत में डीसीएम चालक की मौत हो गई जबकि ट्रक का चालक जख्मी हो गया। उसे सैफई पीजीआई मेें भर्ती कराया गया। वहीं, कस्बे के कृष्णा टाकिज के पास स्कूटी सवार भाई के साथ जा रही छात्रा को आगरा से आ रहे एक ट्रक ने रौंद दिया। इससे छात्र की मौत हो गई जबकि भाई घायल हो गया।
यादव नगर निवासी ग्राम प्रधान सतेंद्र यादव का बेटा ऋषभ यादव सोमवार को अपनी छोटी बहन अनुमेहा यादव (18) के साथ स्कूटी से जा रहा था। कृष्णा टाकीज के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी पर बैठी अनुमेहा ट्रक के सामने आ गई और अगला पहिया चढ़ने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। छात्रा संत विवेकानंद में कक्षा 12 कॉमर्स की छात्रा थी।
उधर, आगरा की तरफ से आ रहे एक ट्रक में साइड पर खड़ी डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे डीसीएम चालक उसमें फंस गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और किसी तरह डीसीएम में फंसे चालक हिमांशु तिवारी (30) पुत्र शिवदत्त तिवारी निवासी शिहारी तहसील माधौगढ़ जिला जालौन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। दूसरी तरफ इस घटना में ट्रक चालक अमित कुमार भी गंभीर रूप से घायल है। ट्रक में बालू भरी हुई थी।