विजय नगर में पुलिस विभाग के वायरलेस आपरेटर के घर में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला विजयनगर निवासी वायरलेस ऑपरेटर के सूने मकान को शनिवार रात चोरों ने निशाना बनाया। ताले तोड़ कर लाखों का सामान और नगदी चुरा ले गए। थाना पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के गांव भोगाताल निवासी विवेक यादव पुत्र दर्शन सिंह यादव फिरोजाबाद में पुलिस विभाग में वायरलेस ऑपरेटर हैं। उनका विजयनगर गली नंबर दो में मकान है। शनिवार रात आठ बजे वह परिवार के साथ पैतृक गांव में भागवत कथा में शामिल होने गए थे। रात को चोरों ने मुख्य गेट पर लगे ताले को तोड़ दिया।
इसके बाद घर के नीचे और ऊपरी मंजिल पर बने सभी कमरों के ताले तोड़ दिए। अलमारी और बक्सों में रखी नगदी और जेवरात चुरा लिए। चोरी की जानकारी रविवार सुबह हुई, जब मोहल्ले वालों ने मकान के ताले टूटे देखे। उन्होंने इसकी सूचना विवेक को दी। विवेक मौके पर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने बताया कि चोर 50 हजार रुपये नगद, पांच सोने की जंजीरें, हार, कुंडल, मंगलसूत्र सहित करीब साढ़े तीन लाख का सामान ले गए हैं। उनके बेड के नीचे सरकारी बंदूक तो बच गई लेकिन कारतूस चोरी हो गए हैं। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।