थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरसेना के समीप बाइक सवार ने खुद को सिपाही बताकर युवक से 13 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद बाइक लेकर भाग गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सिसहाट थाना जसवंतनगर निवासी अनिल कुमार पुत्र फूलन सिंह यादव ननिहाल अहलादपुर बरनाहल मैनपुरी से आलू के बीज के पैसे लेकर आ रहा था। मंगलवार दोपहर 12 बजे वह कुरसेना गांव पहुंचा तो पीछे से आ रहे युवक ने उसे रोक लिया। उसने कहा कि तुम्हारे पास जो रुपये हैं वह नकली हैं। उसने खुद को सिपाही बता कार्ड भी दिखाया।
अनिल कुमार ने उस ठग को 500-500 के नए नोट दिखाए तो वह कहने लगा कि ये नकली हैं और रुपये छीन लिए। ये देख अनिल हक्का बक्का रह गया और ठगी करने वाला बाइक से भाग गया। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। चौकी इंचार्ज धरवार छोटे लाल ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है ।