पुलिस पर फायरिंग के बाद लोहिया नहर पुल पर चेकिंग करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बसरेहर थाना क्षेत्र के तहत लोहिया पुल के पास चेकिंग के लिए जा रहे सिपाहियों पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक सिपाही को बदमाशों की गोली छूती हुई निकल गई। इतना ही नहीं बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक सिपाही की बाइक भी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे राहिन को ओर भाग निकले। जानकारी होने पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
बसरेहर थाने में तैनात सिपाही अशोक कुमार व जितेंद्र कुमार को सूचना मिली कि कुछ बदमाश किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर सिपाही देवकरन व लवकुश के साथ बाइक से मुखबिर के बताए स्थान के लिए रवाना हुए। अशोक व जितेंद्र वर्दी में नहीं थे, जबकि देवकरन व लवकुश वर्दी में थे। लवकुश व देवकरन थोड़ी दूर पर जाकर खडे़ हो गए, जबकि दूसरे सिपाही लोहिया पुल से माइनर की ओर चले गए। तभी दो बाइक पर सवार बदमाशों ने अशोक व जितेंद्र पर फायरिंग कर दी।
जिसमें बदमाशों की एक गोली जितेंद्र को छूती हुई निकल गई। अचानक फायरिंग से सिपाही घबरा गए। बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए अशोक की बाइक लूट ली और फरार हो गए। वारदात की जानकारी सिपाहियों ने थाना पुलिस को दी।
सूचना पर एसओ दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जानकारी मिलने पर सीओ सैफई विनय चौहान के अलावा आसपास के थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आसपास थानों में बदमाशों को पकड़ने के लिए चेकिंग कराई, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। एएसपी व प्रभारी एसएसपी राम किशन यादव ने बताया पुलिस इस बात की जानकारी कर रही कि सिपाही किसके बुलाने पर वहां गए थे।