बोरियां सीज करते जाते एसडीएम। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
एसडीएम भरथना, कृषि विभाग और बकेवरपुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कस्बा लखना में एक पेस्टिसाइड व खाद बिक्री की दुकान में छापा मारकर 600 बोरी सरकारी खाद पकड़ी है। यह डीएपी खाद की बोरियां औरैया पीसीएफ से लाई गई थीं। खाद को सीज कर विभाग मामला दर्ज करने की तैयारी में जुटा है।
लखना में सरकारी डीएपी खाद किसी प्राइवेट दुकान पर आने की सूचना पर एसडीएम भरथना नंद प्रकाश मौर्य और जिलाकृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह ने बाईपास स्थित एग्री जंक्शन वन स्टाप शॉप पर छापा मारा। दुकान के गोदाम से करीब 6 सौ बोरी इफ्को कंपनी की डीएपी खाद बरामद हुई है। दुकान मालिक राहुल त्रिपाठी ने जो कागजात जो उसमें खाद पीसीएफ औरैया से भेजी गई थी। जिलाकृषि अधिकारी अभिनंदन सिंह ने बताया दूसरे जिले से सरकारी खाद लाकर नहीं बेची जा सकती है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने उक्त दुकान की खाद रखी वाली गोदाम को एसडीएम के व थाना पुलिस के सामने सील कर दिया।
जिलाकृषि अधिकारी ने बताया कि दुकान का गोदाम सील कर दिया गया है। मामला दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी इटावा से अनुमति ली जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी बकेवर समीर कुमार सिंह लखना चौकी इंचार्ज रमाशंकर उपाध्याय मय मौजूद रहे। एसडीएम ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। उसके बाद दुकानदार पर कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही पीसीएफ अफसरों के खिलाफ भी जांच की जाएगी कि आखिर उन्होंने गैर जनपद के दुकानदार को सरकारी खाद कैसे दे दी।