सिविल लाइन के कचौरा रोड पर शुक्रवार सुबह डीसीएम की टक्कर से स्कूली बस खंदक में जा गिरी। हादसे में बस सवार पांच बच्चे चुटहिल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़ आसपास के लोगों ने बच्चों को स्कूली बस से बाहर निकाला। बस में 30 बच्चे मौजूद थे। हादसे के बाद ड्राइवर डीसीएम लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे अभिभावक अपने बच्चों को साथ ले गए। कचौरा रोड तिराहे के पास एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए विजयपुरा गांव के आगे निकली। बस चालक को विजयपुरा तिराहे के पास से एक बच्चे को लेना था। उसने रोड के किनारे बस खड़ी कर ली और हेल्पर को बच्चा लेने के लिए भेज दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक डीसीएम के चालक ने बस में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बस अचानक आगे खंदक में जा गिरी। हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को नियंत्रण में ले लिया। इससे बस पलटने से बच गई। टक्कर लगने से बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं डीसीएम चालक मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। पांच बच्चों को हल्की सी चोट आईं बाकी के बच्चे सुरक्षित हैं।
हादसे की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिजन मौके पर पहुंच गए और उन्होने बच्चों को सकुशल देख राहत की सांस ली। बाद में परिजन उन्हें साथ घर ले गए। टक्कर लगने से बस का शीश टूट गया। इस संबंध में बस चालक ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन संजय त्यागी ने बताया उन्हें हादसे के बारे में किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं है।