देवर के साथ बाइक से घर आ रही गर्भवती महिला को घायल करके बदमाशों ने तमंचे के दम पर बाइक, नगदी और जेवरात लूट लिए। महिला की हालत गंभीर है। पहले तो पुलिस मामले को निपटाने में लगी रही बाद में सीओ के हस्तक्षेप के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।
शुक्रवार रात थाना ऊसराहार के खरगपुर सरैया चौकी क्षेत्र अंतर्गत कुरखा निवासी सोनू पाल पुत्र रामशंकर अपनी भाभी नीतू पाल पत्नी जसवंत पाल को भरथना से बाइक से लेकर गांव आ रहा था। गांव से कुछ दूरी पर एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के दम पर बाइक रुकवाने का प्रयास किया। जब सोनू ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने लात मारकर बाइक गिरा दी। देवर और भाभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला के मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर, नगदी और बाइक लूटकर बदमाश भागने लगे। गर्भवती नीतू गंभीर रूप से घायल हो गई। इस बीच सोनू के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। ग्रामीण खरगपुर सरैया चौकी इंचार्ज के मोबाइल पर सूचना देते रहे पर उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष वेदप्रकाश रावत ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसईनावर भेजा। उसकी गंभीर हालत को देख जिला अस्पताल भेजा गया। पहले पुलिस पीड़ित को समझाकर मामला शांत कराने के प्रयास में लगी रही। बाद में सीओ भरथना के हस्तक्षेप के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।