कस्बा बसरेहर स्थित पूर्वांचल बैंक में लाइन में लगे कुछ दबंगों को आगे जाने से रोकना संविदा कर्मी को महंगा पड़ गया। दबंगों ने संविदा कर्मी को पीटकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया जबकि उसके साथी भाग गए।
संविदा कर्मचारी अनुज कुमार पुत्र महिपाल सिंह निवासी बसरेहर बुधवार सुबह बैंक में ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान बैंक से रुपये निकालने को बाहर तक लाइन लगी थी। लाइन में लगे चार युवकों ने आगे निकलने का प्रयास किया तो अनुज ने उन्हें रोका। इस पर विवाद होने लगा और चारों युवकों ने उसे बुरी तरह पीट दिया। अनुज ने बताया कि मंगलवार को भी इन युवकों ने उसके साथ झगड़ा किया था। उसी रंजिश में बुधवार को आकर पिटाई की। पुलिस ने बादरीपूठ के एक युवक को पकड़ लिया है। जबकि उसके साथी फरार हो गए। बसरेहर पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामला दर्ज कर कार्रवाई होगी।