शहर की प्रोफेसर कालोनी में भट्ठा व्यवसायी की पत्नी की हत्या एवं लूट के मामले को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया है। आईजी के निर्देश पर लखनऊ व कानपुर की छह सदस्यीय टीम ने सोमवार को क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन कर इस मामले के सुराग तलाशे।
प्रोफेसर कालोनी निवासी ईंट भट्ठा व्यवसायी मुन्नूसिंह वर्मा की पत्नी नीलम सिंह की 20 मई को दिनदहाड़े घर के अंदर हत्या कर दी गई थी। साथ ही जेवर व नगदी भी लूट ली गई थी। रविवार को आईजी जोन आलोक सिंह भी आए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ घटना के संबंध जानकारी ली। घटना के जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। आईजी जोन ने कानपुर व लखनऊ की छह सदस्यीय फारेंसिक टीम को क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन के लिए भेजा। सोमवार को ये दल प्रोफेसर कालोनी पहुंचा। भट्ठा मालिक के घर बाकायदा फिल्मी तरीके से घटना का डेमो किया। उन्होंने एक पुतला मंगाया और घर पर जैसे शव पड़ा मिला था, वैसे ही पुतले को लिटाया। लखनऊ टीम के इंचार्ज सुरेशचंद्र, कानपुर टीम के इंचार्ज आर श्रीवास्तव के नेतृत्व में आई छह सदस्यीय टीम ने करीब ढाई घंटे तक डेमो किया। टीम ने घटना के बारे में कुछ बताने से इंकार कर दिया। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि कानपुर व लखनऊ की टीम ने प्रोफे सर कालोनी में घटनास्थल पर जाकर डेमो किया था। अभी तक टीम ने कोई रिपोर्ट नहीं दी है।