औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बीहड़ में बदमाशों की सुगबुगाहट की खबर पर बकेवर थाना पुलिस ने सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में बीहड़ को खंगाला। अधिकतर पुलिस सादा कपड़ों में थी।
बीहड़ में एक बार फिर दस्यु गैंगों के सक्रिय होने की सुगबुगाहट हुई। बकेवर थानाक्षेत्र के ग्राम मड़ैयां यादवान के लोगों के खेत औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में पड़ते हैं। खेतों पर फसल की रखवाली करने वाले कुछ किसानों के साथ रात में अचानक आए गैंग के लोगों ने मारपीट की। पुलिस को न बताने और खेतों पर न लेटने आने की धमकी पर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लोगों में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की।
इस घटना के बाद से क्षेत्र के आसपास के दोनों जनपदों के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है । रविवार को समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। इटावा से लेकर कानपुर तक पुलिस के उच्च अधिकारी इस संबंध में संबंधित थानाध्यक्षों से जानकारी लेते रहे। वहीं अपने थानाक्षेत्र में बदमाशों को न आने देने को लेकर रविवार शाम को सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बकेवर भोलू सिंह भाटी, चौकी इंचार्ज बराऊख सुनील गौतम ने पुलिस फोर्स के साथ अजीतमल औरैया से सटे बीहड़ क्षेत्र के ग्रामों लालपुर, विनायकपुर, अंदावा की मड़ैयां, पुरावली सहित कई गांवों के बीहड़ को खंगाला। गैंग के बारे में जानकारी की। इस दौरान अधिकांश पुलिस के लोग सादा कपड़ों में थे।
बीहड़ी सूत्रों के अनुसार गैंग में कुल 8 से 10 की संख्या में सदस्य हैं। जिनके पास असलाह भी अच्छे हैं। एक पकड़ भी है। लेकिन कोई भी ग्रामीण भय के कारण इस संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।