महीना भर पूर्व लूट के बाद चालक-परिचालक की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। मशक्कत के बावजूद घटना का कोई सुराग नहीं लग सका है। गुरुवार को परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात करके लुटेरों का पता लगवाने की मांग की।
29 जून 2015 को सुबह करीब 6 बजे के जौनई के ग्रामीणों ने हाइवे किनारे खेत में दो शव पड़े देखे थे। युवकों की हत्या प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर की गई थी। सूचना पर तत्कालीन थाना प्रभारी हरपाल सिंह यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया।
तलाशी में एक की जेब से एक पर्ची पश्चिम बंगाल के धनबाद जिले की चेक पोस्ट चिरकंदा की पुलिस को बरामद हुई। इसी के आधार पर मृतकों की शिनाख्त ट्रक मालिक राजेश माली (25) पुत्र शिवकुमार माली निवासी 195/1982 सी रोड, हावडा-6 तथा दूसरे की शिनाख्त परिचालक इमाम शेख (50) पुत्र हबीब शेख निवासी गांव बसाव थाना गुड़िया जिला सीवान, बिहार के रूप में हुई थी।
जांच में पता चला कि दोनों की हत्या शराब लदे ट्रक को लूटने के बाद की गई थी। पुलिस ने लूटे गए ट्रक को तो बरामद कर लिया था, लेकिन लुटेरों का पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई है।
गुरुवार को मृतक ट्रक मालिक के पिता शिवकुमार माली व भाई प्रदीप माली ने एसएसपी मंजिल सैनी से मुलाकात की और लुटेरों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द कराने की गुहार लगाई। साथ ही ट्रक मालिक के परिजनों ने कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण कराकर ट्रक उनके सुपुर्द किए जाने की भी मांग रखी।
एसएसपी ने बताया कि ट्रक थाना जसवंतनगर में आगे की कार्यवाही के लिए दाखिल है। बताया कि पीड़ित परिवारजनों को एक वकील उपलब्ध कराया गया है जो कोर्ट से ट्रक को रिलीज कराने की कार्यवाही कर रहा है। पीड़ित परिवार के रहने व खाने के इंतजाम के लिए पुलिस फोर्स को मदद के लिए कहा गया है।
एसएसपी की इस कार्यशैली से मृतक के परिजन अपने पुत्र को खोने के बावजूद एसएसपी की तारीफ करते दिखे। उन्होंने मृतक के परिजनों को जल्द से जल्द इस घटना का पर्दाफाश करने का आश्वासन दिया।