पालतू कबूतर को डंडा मार देने पर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों में पहले पथराव और फिर फायरिंग हो गई। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख फायरिंग करने वाले भाग निकले।
पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना कोतवाली क्षेत्र के लोधी मुहल्ला में मंगलवार की सुबह हुई। पवन कुमार पुत्र आशाराम व छोटू उर्फ कल्लू पुत्र दर्शन सिंह राजपूत अपने-अपने घरों में कबूतर पाले हैं।
मंगलवार की सुबह पवन का कबूतर दाना चुग रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले छोटू ने कबूतर को डंडा मार दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गालीगलौज होने पर मामला बिगड़ गया और पहले पथराव और फिर फायरिंग शुरू हो गई। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मुहल्ले के लोगों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे देखकर फायरिंग व पथराव करने वाले भागने लगे। पुलिस ने चार लोगों को दौड़ाकर धर दबोचा, अन्य भाग गए। कोतवाल विनोद यादव ने कबूतर के विवाद में पथराव की बात ही स्वीकारी।
उन्होंने फायरिंग से इनकार किया। उन्होंने बताया कि संजू, रिंकू पुत्र परमेश्वर राजपूत , पवन पुत्र आशाराम तथा छोटू उर्फ कल्लू पुत्र दर्शन राजपूत को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
दो भाइयों के घर से डेढ़ लाख का माल पार
बकेवर (इटावा)। चोरों ने सोमवार की रात दो भाइयों के घर को निशाना बनाया। घर में घुसकर उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी।
गांव मुड़ैना कला निवासी विद्याराम तथा रामऔतार पुत्र हीरालाल के घर अगल-बगल में हैं। सोमवार की रात पिछवाड़े से चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए। चोरों ने कमरों में रखे संदूकों के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के जेव चोरी कर लिए।
चोर विद्याराम के घर से सोने के कुंडल, झुमकी, चेन के साथ चांदी की तोड़ियां व सिक्के सहित दो हजार रुपये चुरा ले गए। वहीं रामऔतार के घर से चोर सोने की झुमकी, मंगल सूत्र, दो अंगूठी व बच्चों की हाय आदि चोरी कर ले गए। जिस समय वारदात हुई, परिजन दूसरी मंजिल पर बने कमरों में सोये हुए थे।
सुबह नीचे आने पर सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर थाना प्रभारी एके सिंह ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों भाइयों ने तहरीर दी, पर समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।