थाना क्षेत्र के ग्राम परसूपुरा के नजदीक नेशनल हाईवे पर सफारी वाहन पर तकरीबन आधा दर्जन लुटेरे लोडर के चालक एवं उसमें सवार दो लोगों को अगवा कर बकरियों से लोड लोडर को लूट ले गए। इसके साथ ही व्यापारी से 12 हजार की नगदी व मोबाइल लूटने के बाद अगवा किए तीनों लोगों को सहसों थाना क्षेत्र के एक सरसों के खेत में फेंककर चले गए।
एटा जिले के अलीगंज निवासी गिरीश कुमार चक पुत्र रामनिवास भेड़ व बकरियों की खरीद फरोख्त कर पशु बाजारों में उनकी बिक्री करने का काम करते हैं। सोमवार की रात को वह अपने पुत्र नन्हें के साथ लोडर पर 52 भेडे़ं व एक बकरी लोड करके चौरा बाजार भोगनीपुर के बाजार में बेंचने जा रहे थे। लोडर चालक रामजीत यादव पुत्र रंगरुप निवासी केल्टा अलीगंज एटा लोडर को लेकर जैसे ही ग्राम परशुपुरा नेशनल हाईवे के आगे पहुंचा कि सफेद रंग की सफारी वाहन पर सवार सशस्त्र आधा दर्जन लुटेरों ने लोडर को ओवरटेक करके रोक लिया। लुटेरों ने पहले व्यापारी व उसके पुत्र और लोडर चालक को पीटा। इसके बाद हथियारों के बल पर तीनों लोगों को बंधक बनाकर अगवा कर लिया। साथ ही भेड़ों से लोड लोडर को भी लूट ले गए। लुटेरों ने व्यापारी व उसके पुत्र व चालक को चकरनगर की ओर ले गए वहां व्यापारी से 12 हजार रुपये व तीनों लोगों के मोबाइल लूटने के बाद उनके हाथ पांव बांध कर सहसों थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा के नजदीक फेंक दिया।
लुटेरों के जाने के बाद तीनों ने अपने पैरों में बंधी रस्सियों को खोला और रानीपुरा गांव पहुंचे। जहां इसी गांव के महावीर सिंह ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लूट के शिकार हुए लोगों को बकेवर थाने लाने के बाद पशु व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लूट के आरोपियों की तलाश में जुट गई।