चकरनगर में सहसों थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्वारी नदी से सिंडौस के पास सोमवार की शाम अपहृत युवक का शव पड़ा मिला। शिनाख्त में इस बात का खुलासा हुआ।
सूचना पर एसओ ज्ञानेंद्र कुमार सिंह मयफोर्स के पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। मंगलवार सुबह उसकी शिनाख्त संतोष यादव के रूप में हुई। मृतक के सीने पर गोली का निशान था। संतोष को रविवार की रात भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवप्रताप राजपूत व उनका साथी दीपक घर से बुलाकर ले गए थे।
वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। मृतक के पिता मोहर सिंह ने सोमवार को कोतवाली में शिवप्रताप राजपूत निवासी आनंदनगर व दीपक शर्मा निवासी विजयनगर के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के भाई राजीव यादव ने बताया कि गोली क्यों मारी गई, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट की गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी मिली है कि मृतक और आरोपी पुराने मिलने-जुलने वाले साथी हैं। हत्या क्यों की गई इसके बारे में छानबीन की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जाते हैं। ब्यूरो
युवक की हत्या कर शव फेंका
इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायनगर के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की पर सफल न हो सकी।
रायनगर गांव के लोग मंगलवार की सुबह जब शौचक्रिया के लिए खेतों पर गए तो उन्होंने गांव के बाहर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। युवक के गर्दन में एक अगौंछा लिपटा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वैदपुरा थाना पुलिस को दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष विकास राय मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफल न हुए। लोगों का अनुमान है कि वह किसी वाहन का चालक है और वाहन लूटने के बाद उसकी हत्या करके शव को यहां फेंका गया है। मृतक की गर्दन पर चोटों के निशान हैं। उसकी गला घोंटकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की उम्र 40 वर्ष के करीब है। वह सफेद रंग की बनियान तथा काले रंग का पेंट पहने हुए था। मृतक के पास से और कोई सामान बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान हो सके।
थानाध्यक्ष विकास राय ने बताया कि लगता है कि मृतक कहीं बाहर का रहने वाला है। उन्होंने अनुमान लगाया कि शायद गाड़ी लूटकर इसकी हत्या की गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हत्या की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज
बकेवर (इटावा)। हत्या की रिपोर्ट लिखने से आनाकानी कर रही थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद यह दर्ज की। मामला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पानी की टंकी के पास झाड़ियों में मिले शव का है।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव टिलीटिला निवासी राजवीर का शव चार जनवरी 2015 को इटावा बाईपास पर बनी पानी की टंकी के पास झाड़ियों में बरामद हुआ था।
इस संबंध में मृतक के पिता अजब सिंह ने गांव के ही कम्बोद पुत्र रामस्वरूप के खिलाफ हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाया था। काफी कोशिशों के बाद भी मामला दर्ज नहीं किया। एसओ बकेवर जेपी पाल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।