लूट की जानकारी देता चालक रामू गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र के गिरजा कालोनी निवासी चालक के घर में घुसकर दो लोगों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। घर में रखे जेवर और नगदी लूट ले गए। घटना के सात दिन बाद भी पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़ित ने शुक्रवार को एएसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गिरजा कालोनी निवासी रामू गुप्ता पुत्र छोटे लाल ने बताया कि वह हरसौली निवासी एक व्यक्ति की स्कार्पियो चलाता है। सैफई के दो युवकों ने उसकी स्कार्पियो बुक की थी। जब उसने उनसे पैसा मांगे तो दोनों ने उसे 25 अगस्त को शास्त्री चौराहे के पास बुलाया। वहां एक युवक मिला जिसने थोड़ी देर रुकने को कहा। इस बीच युवक अपने साथी के साथ उसके घर पहुंच गया और उसके पुत्र को कब्जे में ले लिया। पत्नी को धमकी दी कि शोर मचाया तो बच्चे क ो पटककर मार देंगे। अलमारी की चाबी लेकर जेवर और नगदी निकाल ली और धमकी देकर भाग गए। उसने घर पहुंचकर इसकी जानकारी यूपी 100 को दी। पुलिस ने छानबीन की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसने शुक्रवार को एएसपी को प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।