इटावा। आजाद नगर टीला में शुक्रवार देर रात युवक की बेरहमी से हत्या कर सिर को पेड़ से लटकाने के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने पक्का बाग से गिरफ्तार किया है जबकि उनका एक साथी भाग गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया। हत्या के पीछे नशे के इंजेक्शन न देना बताया गया है। पुलिस ने पकडे़ आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया।
बुधवार को पुलिस लाइन में आजाद नगर टीला हत्याकांड का खुलासा किया। पत्रकारों को एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 11 मई की रात को कबाड़ा बीनने वाले अमित कु मार की एक खंडहर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसके सिर को काटकर पेड़ पर लटका दिया था। इस घटना के बाद तीन टीमों को घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया था। पुलिस ने इस संबंध में छोटू उर्फ सलीम उर्फ चिक्ला पुत्र नईम खां निवासी आजाद नगर टीला, गुड्डू पुत्र नसीर निवासी मेवाती टोला व भूरा नट पुत्र राजेश निवासी टिली टिला थाना बकेवर को गिरफ्तार किया। एसएसपी न बताया कि सभी नशे के आदी हैं। पूछताछ में पकड़े लोगों ने बताया कि सभी लोग कबाड़ा बीनते हैं। इसके बाद शाम को नशा करते हैं। शुक्रवार की रात को सभी लोग नशा करने के लिए उस मकान पर गए थे। युवक के पास नशे के दो इंजेक्शन थे। वह इन्हें लगा रहा था। जब उन लोगों ने उससे इंजेक्शन मांगे तो उसने देने इनकार कर दिया। इस उन लोगों ने लकड़ी की फंटी से उसके साथ मारपीट की और ईंट के प्रहार से हत्या कर दी। बाद में चापड़ से उसके सिर, हाथ काट कर अलग कर दिया और बाद में हाथ को मोहल्ले में एक व्यक्ति के मकान पर व सिर को पेड़ पर टांग दिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ को बरामद कर दिया। पुलिस उसके भागे साथी की तलाश कर रही है। प्रेसवार्ता में एसपी सिटी विनीत जायसवाल के अलावा सीओ सिटी अंजनी कुमार चतुर्वेदी व सीओ चकरनगर वैभव पांडे भी मौजूद रहे।
हाथ में गुदे नाम से हुआ था पोस्टमार्टम
एसएसपी ने बताया कि युवक की शिनाख्त नहीं हुई थी। उसको नाम से हत्यारे भी नहीं जानते थे। बस नशेड़ियों की जमात का हिस्सा था। उसके हाथ में अमित नाम गुदा था, जिसको लिखकर उसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
हत्या करने के बाद नशेड़ियों किए थे टुकड़े
एसएसपी ने बताया कि नशेड़ियों पहले अमित की हत्या की। उसके बाद उसके शरीर के टुकड़े किए। लोगों में दहशत फैलाने के लिए उन लोगों ने हत्या के बाद उसके सिर को काटकर पेड़ पर टांगा साथ ही हाथ को मोहल्ले में एक व्यक्ति की छत पर फेंका। ताकि लोगों में उनका खौफ बना रहे। कोई भी खंडहर में आने की हिम्मत न कर सके।
इनसेट
शहर के युवक की हत्या का भी खुलासा जल्द
एसएसपी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा शमशेर खां निवासी आसिफ की हत्या कर उसके शव को बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव गाती के पास फेंक दिया गया था। उसके संबंध में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं इस संबंध में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वैसे परिजनों ने व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।