डिवाइडर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : amar ujala
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहन स्वामी को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायल वाहन स्वामी को सैफई के मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा सोमवार सुबह लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर ऊसराहार थाना क्षेत्र के तहत कौवा रामपुरा गांव के पास चैनल नंबर 126 पर हुआ। नोएडा के सेक्टर 44 निवासी राजू कुमार पुत्र ओमदत्त शर्मा कार से किसी काम के चलते लखनऊ गए थे। कार में वे अकेले थे। लौटते वक्त एक्सप्रेसवे पर रामपुरा गांव पर उन्हें झपकी आ गई। कार रफ्तार में थी और पलक झपकते ही वह डिवाइडर से टकराकर उछली और एक्सप्रेसवे के दूसरी साइड में जा गिरी।
डिवाइडर से टकराने और दूसरी तरफ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार राजू कुमार घायल हो गए। उस वक्त एक्सप्रेसवे पर दूसरी साइड में कोई भारी वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे हादसा और अधिक गंभीर होने से बच गया। पेट्रोलिंग कर रहे यूपीडा में कार्यरत पूर्व सैनिकों को इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंचे। घायल को कार से निकाला और सैफई के मिनी पीजीआई में भर्ती कराया।