स्कूल में छुट्टा गोवंशों को ढकेलने के मामले में गिरफ्तार चार लोगों में सोमवार रात को एक बुजुर्ग की हालत हवालात में बिगड़ गई। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गये। पुलिस ने रात में बुजुर्ग को गैर जमानती धाराओं में जमानत देकर परिवार के लोगों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही ग्राम प्रधान को भी छोड़ दिया। बाकी के तीन आरोपियों को मंगलवार को जेल भेज दिया।
सोमवार को छुट्टा पशुओं से परेशान किसानों ने 200 गोवंशों को लालपुरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिया था। सूचना पर पहुंचे एसडीएम चकरनगर इंद्रजीत सिंह, एनपी मौर्य, सीओ भरथना विकास जायसवाल, इंस्पेक्टर बकेवर समीर कुमार सिंह व कई थानों के फोर्स ने पशुओं को स्कूल से निकलवाया। स्कूल के सहायक अध्यापक रामदुलारे के प्रार्थनापत्र पर पुलिस ने चार नामजद व 100 अज्ञात के खिलाफ बलवा, लोक संपत्ति निवारण अधिनियम, पशु निवारण अधिनियम, 7 सीएलए के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस लालपुरा के दो बुजुर्ग किसानों सहित चार ग्रामीणों को थाना पर ले आई थी। ये सभी मामले में नामजद थे। इसके साथ ग्राम प्रधान लालपुरा मनोज कुमार को भी थाना पुलिस ने कस्टडी में बैठाया था।
तभी देर रात को चार गिरफ्तार आरोपियों में एक 72 वर्षीय किसान सुरेंद्र सिंह पुत्र पुत्तू सिंह की हवालात में सर्दी के चलते तबीयत बिगड़ गई। इससे पुलिस के हाथपांव फूल गए। थाना प्रभारी बकेवर समीर कुमार सिंह ने किसान सुरेंद्र को तत्काल उपचार के लिए महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। इसके बाद रात दो बजे थाना पुलिस ने सुरेंद्र के परिवार के लोगों को बुलाकर आननफानन में जमानत भी दे दी। वहीं प्रधान को भी पुलिस ने छोड़ दिया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर समीर कुमार सिंह ने बताया मामले में नामजद सुरेंद्र सिंह की तबीयत अचानक खराब होने पर स्वास्थ्य उपचार भेजने के चलते जमानत थाने से दी गई है। मामले के शेष तीन आरोपियों को जेल भेजा गया है।