जाम को खुलवाने के लिए मौजूद पुलिस बल।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज बस स्टैंड तिराहे पर सवारियों लेकर जा रही रोडवेज बस सामने से आ रही कार से टच हो गई। इससे नाराज कार में सवार युवकों ने चालक के साथ मारपीट कर दी। परिचालक को भी पीट दिया। इस घटना से आक्रोशित चालक ने तिराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। कार को कब्जे में ले लिया।
रोडवेज चालक रजनेशकुमार पुत्र राजेश कुमार निवासी कुरसैना बस में सवारियां लेकर औरैया जा रहा था। उसके साथ परिचालक आशीष कुमार पुत्र महेंद्र कुमार निवासी इंधौया थाना इकदिल था। बस जब तिराहे के पास पहुंची तभी सामने से आ रही एक कार से टच हो गई। इससे कार में सवार चार पांच युवक उतरे और चालक रजनेश के साथ मारपीट करने लगे। जब परिचालक आशीष ने उसे बचाने का प्रयास किया तो कार सवार युवकों ने उसक ेसाथ भी मारपीट की। इस घटना से आक्रोशित चालक ने तिराहे पर बस लगाकर जाम लगा दिया। सूचना के बाद अन्य कर्मचारी भी आ गए। जाम लगने की जानकारी होने पर कोतवाल जीवाराम यादव एसओ फ्रेंड्स कालोनी रोहित तिवारी के अलावा टीएसआई सुभाष यादव भी मौके पर पहुंचे। लेकिन इससे पहले ही मारपीट करने वाले युवक कार को छोड़कर भाग गए। कोतवाल ने पूरी घटना की जानकारी ली और युवकों को तलाश किया लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। कोतवाल ने उन्हें कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया। मारपीट में चालक व परिचालक को चोटें आईं। पुलिस ने दोनों का जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया। घटना की तहरीर दे दी गई है। कोतवाल जीवाराम यादव ने बताया कि पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।