सड़क पर बिखरे पडे फल व जानकारी करती करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला अस्पताल के बाहर लगे फल के ठेले पर आए कार सवार दबंगों ने फल विक्रेता के साथ मारपीट की। दबंगों ने उसके ठेले को पलट दिया और उसकी गोलक में बिक्री के रखे करीब चार हजार रुपये भी लूट ले गए। इस घटना से आसपास के क्षेत्र के अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। मारपीट करने के बाद दबंग वहां से भाग निकले। लोगों की सूचना पर डायल 100 की टीम तो मौके पर पहुंची। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस वारदात से आसपास के दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव रूरा निवासी अनिल कुमार पुत्र रामेश्वर दयाल जिला अस्पताल के बाहर हाथठेले पर फल लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। बुधवार की शाम को वह अपने ठेले पर बैठा था तभी एक कार में सवार होकर आए दबंगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लेाग कुछ समझ पाते कि दबंगों ने उसके ठेले को पलट दिया जिससे फल पूरी सड़क पर बिखर गए। दबंग उसकी गोलक के चार हजार रुपये भी लूट ले गए। अनिल के पास बैठे उसके रिश्तेदार शैलेंद्र ने उसे बचाने का प्रयास किया तो दबंगों ने उसको भी मारापीटा। घटना के पीछे बताया गया है कि अस्पताल में रहने वाला एक व्यक्ति अनिल से फल उधार ले जाता था। बुधवार को भी वह फल लेने के लिए आया।
जब अनिल ने उससे उधार के पैसे मांगे तो इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों को बुला लिया और अनिल के साथ मारपीट कर दी। लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस के अलावा डायल 100 को दी। सूचना मिलने पर डायल 100 की टीम तो मौके पर पहुंची लेकिन सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर नही पहुंची। डायल 100 की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस घटना के बाद से दुकानदारों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगोें की कहना है कि आए दिन दबंग लोग ओर दुकानदारों को परेशान करते हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है।