इटावा। शनिवार को 18110 डाउन मुरी एक्सप्रेस में पेंट्रीकार के वेंडरों के साथ मारपीट व छिनैती की घटना की सूचना कंट्रोल को मिली । सूचना पर आरपीएफ ने ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही मामले की छानबीन शुरू कर दी। वेंडर को साथ लेकर आरोपियों की तलाश की लेकिन पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। पेंट्रीकार मैनेजर व वेंडर के द्वारा मामला दर्ज कराने से इनकार करने पर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। पेंट्रीकार मैनेजर का आरोप था कि ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों ने वेंडर सोनू से फ्री में सामान मांगा और मना करने पर उसके साथ मारपीट कर रुपये छीन लिए।
घटना की जानकारी पर प्लेटफार्म पर दल बल के साथ पहुंचे आरपीएफ एसआई डी पी सिंह व दिलीप कुमार ने ट्रेन रुकते ही सबसे पहले पेंट्रीकार में पहुंचकर मैनेजर राहुल सिंह व सोनू से घटना की जानकारी ली। राहुल ने बताया कि शुक्रवार को जम्मू से ट्रेन के रवाना होने के लगभग तीन घंट बाद ट्रेन में सवार कुछ यात्रियों ने वेंडर सोनू से सामान लिया और जब उसने सामान के पैसे मांगे तो पैसे देने से इंकार करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने सानू के पास रखे सामान बिक्री के छह हजार रुपये भी छीन लिए। मैनेजर राहुल का कहना था कि इसके बाद उसने कई जगह स्टेशनों पर घटना की जानकारी दी लेकिन कहीं भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही कारण रहा कि उसने इटावा रेलवे स्टेशन कंट्रोल को घटना की जानकारी दी।
आरपीएफ ने पेंट्रीकार मैनेजर व वेंडर सोनू की शिकायत पर पूरी ट्रेन में आरोपियों को तलाशा और यात्रियों से घटना के संबंध में जानकारी की लेकिन पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। मैनेजर व वेंडर ने मामला दर्ज कराने से मना कर दिया। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।