थाना चौबिया अंतर्गत कर्री पुलिस चौकी के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान 3 किलो चांदी के साथ एक कार सवार युवक को पकड़ लिया। चांदी को कोषागार में जमा करा दिया गया है। फ्लाइंग स्क्वायड टीम संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।
शनिवार को एएसपी रामकिशुन यादव, सीओ सैफई विनय चौहान और एसओ चौबिया विनोद यादव कर्री पुलिस चौकी पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान इटावा की ओर से आ रही एक वैन को रोककर चेकिंग की। उसमें चांदी के आभूषण बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल फ्लाइंग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया। आभूषणों की तौल कराई गई तो कुल वजन 3 किलो 249 ग्राम निकला।
एएसपी ने बताया कि चांदी के आभूषण लेकर जा रहे प्रदीप कुमार पुत्र होरीलाल निवासी उमरैन एरवाकटरा जनपद औरैया से जानकारी की जा रही है। उससे आवश्यक कागजात टीम के सदस्यों ने मांगे हैं। फिलहाल चांदी के आभूषणों को कोषागार में जमा करवा दिया गया है। फ्लाइंग स्क्वायड टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।