एसटीएफ व भरथना थाना पुलिस ने लूट की योजना बना रहे दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जबकि इनका एक साथी भाग गया। लुटेरों के पास से दो 32 बोर की पिस्टलें व कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों पर पांच पांच हजार रुपये का इनाम था।
एसटीएफ नोयडा के सीओ प्रशांत कुमार ने बताया भरथना क्षेत्र के गांव सराय चौरी निवासी सुनील कुमार पुत्र राम सेवक पाठक ,सज्जन पुत्र विश्वनाथ पाठक व गोविंद पुत्र नरेश तिवारी शातिर अपराधी हैं। ये लोग लूट की वारदातों को अंजाम देने के अलावा असलहों की भी तस्करी करते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में वह मुंगेर से असलाह लाकर सप्लाई करते हैं। इनके ऊपर भरथना पुलिस ने पांच पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ को लगाया गया था।
वह टीम के दरोगा अजयपाल पीके सिंह व रामजीलाल के साथ एक सप्ताह से उनके बारे में जानकारी कर रही थी। मंगलवार को सूचना मिली कि वह लोग लूट के इरादे से भरथना क्षेत्र के गांव तुरैया के पास मौजूद है। इस सूचना पर उन्होंने अपनी टीम के अलावा सीओ भरथना राघवेंद्र राठौर प्रभारी निरीक्षक विकास राय उपनिरीक्षक नितेंद्र वशिष्ठ के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान की घेराबंदी कर ली। पुलिस पार्टी की भनक लगते ही उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस फोर्स ने बल प्रयोग कर सुनील व सज्जन को गिरफ्तार कर लिया जबकि गोविंद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस को उनके पास से दो 32 बोर की पिस्टल व चार कारतूस जिंदा व दो खोखा बरामद हुए हैं। उनके पास से एक बाइक भी बरामद हुई है।