अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के भगौतीपुर नगला कछार गांव में शनिवार रात चोरों ने एक मकान से जेवर-नगदी सहित चार लाख का माल चोरी कर लिया। परिवार के लोग मकान की ऊपरी मंजिल में सोते रहे। सुबह जागने पर चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस को तहरीर दी गई।
क्षेत्र के गांव भगौतीपुर नगला कछार निवासी कमल सिंह पुत्र अजब सिंह परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात वह परिवार के साथ भोजन करने के बाद मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे की छत पर सोने के लिए चले गए। उन्हाेंने घर के कमरों में ताले लगा दिए। चोर देर रात पड़ोसी राजवीर के मकान के पिछवाडे़ से होते हुए उनके मकान में घुसे।
चोरों ने कमरों व बक्सों के ताले तोड़े और जेवर व नगदी आदि सामान चुरा लिया। रविवार सुबह परिवार के लोग सोकर नीचे उतरे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
गृह स्वामी कमल सिंह ने बताया कि चोर उनके घर से एक सोने का हार, चार चूड़ियां, चार अंगूठी, बेंदा, चांदी की करधनी, पायलें, तोड़ियां गुच्छा के अलावा एक लाख 18 हजार रुपया और गृहस्थी का अन्य सामान चुरा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोरी की इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की तहरीर दे दी गई है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
मकान से चार लाख के जेवर व नगदी चुराए
- भगौतीपुर नगला कछार गांव में हुई घटना, मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे परिजन