अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। हनुमंतपुरा व बकेवर के बीच टेंपो से लाखों के गहने गायब हो गए। पीड़ित ने टेंपो चालक पर संदेह जताते हुए थाने में तहरीर दी।
सहसो थाना के गांव अर्रुपुरा निवासी मुन्नी पुत्र नाथूराम सोमवार को पत्नी अनीता व बेटे के साथ ससुराल महोला जा रहे थे। उन्होंने ससुराल तक ले जाने के लिए 300 रुपये में एक टेंपो बुक कराया। रास्ते में ही टेंपो चालक ने बकेवर से आगे जाने से मना कर दिया। उन्होंने तय रकम से 100 रुपये कम का भुगतान चालक को कर दिया। इसके बाद चालक वहां से चला गया।
मुन्नी के बेटे ने मां अनीता से झुमकी में पेंच लगवाने की बात कही। इस पर मुन्नी ने झुमकी निकालने के लिए बैग खोला तो गहने गायब थे। इससे लाखों के गहने गायब होने पत्नी अनीता बेहोश हो गई।
मुन्नी ने सहसो थाना पुलिस को बताया कि बैग की जेब कटी थी और सीतारामी, चार चूड़ियां, हथफूल झुमकी, पांच अंगूठी, सोने की करधनी, वेंदा बैग में नहीं थे। पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने टेंपो चालक पर संदेह जताया है। उसकी तलाश कर मामले की पड़ताल की जा रही है।