बकेवर (इटावा)। कस्बा निवासी युवक की शनिवार को पास के गांव के बाहर लाश पड़ी मिली। पास में पुलिस को नशे का इंजेक्शन, सिरिंज भी मिली है। इससे नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बकेवर के मोहल्ला आजादनगर निवासी दिलीप (35) पुत्र गेंदालाल शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था। देर रात तक न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह भाई राधेश्याम ने फिर खोजबीन शुरू की। इस बीच किसी युवक का शव ग्राम व्यासपुरा में गांव के किनारे पड़े होने की सूचना मिली। राधेश्याम ने शव की पहचान भाई दिलीप के रूप में कर पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक संतोष
त्रिपाठी ने उच्चाधिकारियों को सूचरा देकर फारेंसिक टीम बुलवाई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव के पास एक नशे का इंजेक्शन, डिस्पोजल सिरिंज और प्लास्टिक की खाली बोतल मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण नशे का ओवरडोज लग रहा है। भाई ने पुलिस को बताया कि दिलीप ड्रग्स का आदी था।