अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बकेवर के बेरीखेड़ा गांव के मूंगालाल की हत्या की जांच करने सोमवार को सीबीसीआईडी पहुंची। मूंगालाल के पिता से पूछताछ की। कई साक्ष्यों को जुटाया।
बकेवर थाना के ग्राम बेरीखेड़ा में जनवरी 2017 में मूंगालाल की खेत पर फसल की रखवाली करते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूंगालाल के पिता ने गांव के सात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस विवेचना में तीन नाम और प्रकाश में लायी थी। मामले के छह आरोपी जेल में हैं। एक आरोपी ने मामले की विवेचना की सीबीसीआईडी से कराने की मांग की थी।
इस पर स्थानीय भाजपा विधायक की संस्तुति पर विवेचना सीबीसीआईडी को सौंपी गई। सीबीसीआईडी के सीओ भरत यादव सोमवार को मामले की विवेचना करने बकेवर थाने आए। उन्होंने मूंगालाल के पिता व परिवार के अन्य कुछ लोगों से पूछताछ की।
सीओ ने बताया कि विवेचना चल रही है। मूंगालाल की पत्नी से पूछताछ की है। एक आरोपी की उम्र 24 साल बताई गई थी, लेकिन वह नाबालिग निकला। मामले के दो अन्य आरोपी रवि व उसके पिता ने घटना के समय बीमार होने पर फिरोजाबाद में भर्ती होने की बात बताई थी। जांच में भर्ती होने का साक्ष्य नहीं मिला है। सीओ ने बताया कि अभी जांच में कुछ समय और लगेगा।