अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर टीला में एक दुकानदार ने नाश्ता के रुपये न देने पर किशोरी के साथ मारपीट की। इसके बाद कड़ाही में रखा गर्म तेल उसके ऊपर डाल दिया। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। किशोरी को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया है। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर टीला निवासी शाजउद्दीन पुत्र ग्याउद्दीन की मोहल्ले में ही हलवाई की दुकान है। वह खस्ता व जलेबी बनाकर बिक्री करता है। सोमवार को दोपहर करीब एक बजे उक्त मोहल्ला निवासी नूर मोहम्मद की 15 वर्षीय पुत्री शराना उसकी दुकान पर पहुंची। उसने नाश्ता लिया। नाश्ता करने के बाद दुकानदार ने उससे रुपये मांगे तो शराना ने कहा कि कि उसके पास रुपये नहीं है। इस पर दुकानदार ने पहले उसके साथ मारपीट की। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। जानकारी होने पर शराना के परिजन भी दुकान पर पहुंच गए। परिजनों ने मारपीट करने का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दुकानदार शाजउद्दीन ने कड़ाही में रखा गर्म तेल शराना के ऊपर डाल दिया। इससे शराना बुरी तरह से झुलस गई। लोगों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। एसओ फ्रेंड्स कालोनी फहीम अख्तर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शराना को उपचार के लिए भिजवाया। मां नसरीन पत्नी नूर मोहम्मद ने शाजउद्दीन के खिलाफ मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शराना का पीजीआई में उपचार हो रहा है।
रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा
किशोरी का सैफई पीजीआई में चल रहा है इलाज