इटावा। सराफा व्यापारी विपिन जैन के यहां डेढ़ करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस ने 40 लाख का माल बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
चकरनगर कस्बा निवासी सराफा व्यापारी विपिन जैन की दुकान पर 28 जुलाई की रात चोरों ने धावा बोल दिया था और 20 लाख रुपये सहित डेढ़ करोड़ के जेवर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने औरैया से एक आरोपी को हिरासत में लिया था, जिसकी पुलिस अभिरक्षा में तबीयत खराब होने से मौत हो गई थी। मरने से पहले उसने चोरी के माल के बारे में जानकारी दी थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने यह बरामदगी अब की है।