इटावा। ऊसरा अड्डा मोहल्ले में जेठानी से हुए विवाद के बाद आठ माह की गर्भवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के ऊसरा अड्डा मोहल्ला निवासी सूरज गाजियाबाद में किसी ड्राई क्लीन की दुकान पर काम करते हैं। उसकी पत्नी रश्मि (23) आठ माह की गर्भवती थीं। उसका जेठानी के साथ झगड़ा चलता था। ऐसे में ससुर तेज सिंह ने एक ही घर में दोनों को अलग-अलग कमरे बांट दिए थे। सोमवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। इससे क्षुब्ध होकर रश्मि ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिवार के लोगों ने देखा तो वह पंखे पर बने फंदे पर लटकी थी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। फोरेंसिक टीम ने जांच की है। एसओ फ्रेंड्स कालोनी विवेक चौधरी ने बताया कि जेठानी से विवाद होने के बाद रश्मि ने आत्महत्या की है। मायके वालों को भी जानकारी दे दी गई है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।